शिमला
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान में शिमला पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की विशेष टीम ने रोहड़ू क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पंजाब के चार युवकों को 19 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डिटेक्शन सेल रोहड़ू को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन में सवार कुछ युवक मादक पदार्थ की बड़ी खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महेंदली क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी।
इसी दौरान सामने से आ रहे एक संदिग्ध वाहन को रोककर जब उसकी गहनता से तलाशी ली गई, तो गाड़ी के अंदर से 19 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में आरोपियों के खिलाफ अभियोग संख्या 57/2026 (दिनांक 5 जून 2026) के तहत मादक द्रव्य नियंत्रण अधिनियम (NDPS Act) की धारा 21, 25 और 29 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा पकड़े गए चारों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान इस प्रकार हुई है रविंदर सिंह बराड़ (29 वर्ष) - निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब, जशन प्रीत सिंह (25 वर्ष) - निवासी जिला मोगा, पंजाब, हरदीप सिंह (22 वर्ष) - निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब, दिलप्रीत सिंह (20 वर्ष) - निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब।
वाहन जब्त, बैकवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में प्रयुक्त किए जा रहे वाहन को भी कानूनन अपनी कस्टडी में ले लिया है। शिमला पुलिस अब इस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह नशा कहाँ से लेकर आए थे और शिमला व रोहड़ू के स्थानीय क्षेत्रों में इसे किसे सप्लाई किया जाना था।