नगर परिषद नेरचौक के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए गुरुवार को संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया में कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने दोनों शीर्ष पदों पर कब्जा जमाया। पार्षद मीना कुमारी को सर्वसम्मति से नगर परिषद का अध्यक्ष चुना गया, जबकि पार्षद स्वाति को निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
दोनों पदों पर सर्वसम्मति से हुए चुनाव को कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती और पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी की रणनीतिक भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है। परिणाम घोषित होने के बाद पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश चौधरी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
प्रकाश चौधरी ने कहा कि नगर परिषद नेरचौक के दोनों महत्वपूर्ण पदों पर महिलाओं का चयन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान करने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाने के पक्ष में रही है।
उन्होंने कहा कि यह जीत क्षेत्र की जनता के विश्वास, पार्षदों की एकजुटता और विकास की राजनीति की जीत है। नवनिर्वाचित टीम नगर परिषद क्षेत्र में ड्रेनेज व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करेगी।
प्रशासन द्वारा मीना कुमारी और स्वाति के निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा होते ही नगर परिषद कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जश्न मनाया, एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयां दीं तथा आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।
इसके बाद शहर में आभार रैली भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, बल्ह कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय ठाकुर, वर्तमान अध्यक्ष अरुण ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेंद्र गुप्ता, समाजसेवी एवं नवनिर्वाचित पार्षद अमृतपाल सिंह काका, शिक्षाविद कृष्णा चौधरी सहित अन्य पार्षद और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।