कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां में 25 और 26 जुलाई को प्रदेश स्तरीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां में आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले में प्रदेशभर के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी धर्मशाला अक्षय कुमार ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि यह रोजगार मेला पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली के पिता स्वर्गीय विकास पुरुष जी.एस. बाली की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
40 कंपनियां लेंगी रोजगार मेले में हिस्सा
अक्षय कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में देश और प्रदेश की करीब 40 प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनियां भाग लेंगी।
उन्होंने कहा कि अब तक क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय धर्मशाला को लगभग 3500 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। इसके अलावा कंपनियों के पंजीकरण की प्रक्रिया अभी जारी है, जिससे पदों की संख्या और बढ़ सकती है।
युवाओं को घर के नजदीक मिलेगा रोजगार अवसर
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी ने कहा कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उनके घर के नजदीक ही रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि कई बार युवाओं को नौकरी की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है, लेकिन इस तरह के रोजगार मेलों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के विकल्प उपलब्ध होते हैं।
कंपनियों के प्रतिनिधियों की व्यवस्था का जिम्मा
अक्षय कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों के रहने और खाने की व्यवस्था पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली की ओर से की जा रही है।
उन्होंने प्रदेश के सभी बेरोजगार युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचें और इस अवसर का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त हो सकते हैं और उन्हें अपने कौशल के अनुसार नौकरी पाने का मौका मिलेगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube