CPIM ने किसानों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों के हितों पर असर का जताया विरोध, 10 अगस्त को जेल भरो आंदोलन का ऐलान
भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और ट्रेड डील के विरोध में मंगलवार को CPIM जिला कमेटी सिरमौर ने नाहन में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंककर विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की।
ट्रेड डील को लेकर CPIM ने उठाए सवाल
मीडिया से बातचीत करते हुए CPIM जिला सचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील और मुक्त व्यापार समझौता देश के किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और लघु उद्योगों के हितों के खिलाफ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के समझौते देश की आर्थिक संप्रभुता को कमजोर कर सकते हैं और इनका फायदा बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों को मिलेगा।
केंद्र सरकार से समझौते वापस लेने की मांग
राजेंद्र ठाकुर ने केंद्र सरकार से मांग की कि ऐसे समझौतों पर दोबारा विचार किया जाए और इन्हें वापस लिया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार को देश के किसानों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
CPIM नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर देशभर में जनआंदोलन को तेज किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में 10 अगस्त को ‘जेल भरो आंदोलन’ आयोजित किया जाएगा। इसमें किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और आम नागरिक शामिल होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएंगे।
प्रदर्शन के दौरान CPIM कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और प्रस्तावित ट्रेड समझौते का विरोध किया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube