कमांद में कंपनी खोलकर निवेशकों को बनाया निशाना, शुरुआती निवेशकों को खाते में बढ़ी रकम दिखाकर जीता भरोसा; यूपी और नेपाल तक नेटवर्क की जांच
मंडी में क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर निवेशकों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है। जांच के अनुसार आरोपी ने वर्ष 2025 में कमांद में कंपनी खोलकर निवेश की गतिविधियां शुरू की थीं।
लोगों को 60 से 70 दिन में रकम दोगुनी करने का लालच दिया जाता था। आरोपी मुख्य रूप से संस्थानों के आसपास ही अपना कार्यालय खोलता था, ताकि आसानी से निवेशकों को अपने जाल में फंसाया जा सके।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शुरुआती निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए एक विशेष तरीका अपनाता था। निवेश करने के कुछ समय बाद उनके खाते में रकम बढ़ी हुई दिखाई जाती थी। बताया जा रहा है कि एक से दो घंटे के भीतर ही निवेश पर दोगुना मुनाफा दिखा दिया जाता था। खाते में बढ़ी हुई रकम देखकर निवेशकों को योजना वास्तविक और फायदे वाली लगती थी।
भरोसा मजबूत होने के बाद शुरुआती निवेशक खुद अधिक रकम लगाने लगते और अपने परिचितों को भी निवेश के लिए तैयार करते थे। इस तरह आरोपी के लिए नए निवेशक जुटाने का काम भी निवेशक ही करने लगे। पुलिस के अनुसार पर्याप्त रकम जमा होने के बाद आरोपी वेबसाइट का सर्वर डाउन होने की बात कहता था। इसके बाद निवेशकों को न तो उनकी मूल रकम वापस मिलती थी और न ही कथित मुनाफा।
22 लोगों के निवेश संबंधी विवरण सामने आए
पुलिस जांच में अब तक करीब 22 लोगों के निवेश संबंधी विवरण सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस को उपलब्ध शिकायतों और दस्तावेजों के आधार पर ठगी की रकम चार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोपी महाराष्ट्र का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि उसका ससुराल कांगड़ा जिले में है।
यूपी और नेपाल तक नेटवर्क की जांच
क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर ठगी के आरोपी का नेटवर्क उत्तर प्रदेश और नेपाल तक होने की जानकारी भी पुलिस जांच में सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी वहां भी इसी तरह की ठगी को अंजाम दे चुका है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क, निवेशकों से लेन-देन और डिजिटल गतिविधियों से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच जारी है। पुलिस उपलब्ध शिकायतों, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube