मंडी।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जिला की लोहारा पंचायत के अंतर्गत आने वाले रिंज गांव में एक दादा ने अपने ही 22 वर्षीय पोते पर बंदूक से फायर कर दिया। इस हिंसक हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी दादा को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
रात 8 बजे की वारदात: सहम गया पूरा गांव
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार रात करीब 8 बजे की है। आरोपी भादरू राम घर पर मौजूद था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद भादरू राम ने अपनी बंदूक निकाली और पोते उमेश कुमार पर गोली चला दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां का मंजर देखकर हर कोई दंग रह गया; उमेश खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत आरोपी के हाथ से बंदूक छीनकर दूर फेंकी और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
मेडिकल अपडेट: नेरचौक से एम्स रेफर
परिजनों और ग्रामीणों ने घायल उमेश को तुरंत नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर (AIIMS Bilaspur) रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि युवक की हालत अभी भी चिंताजनक है।
पुलिस की कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बंदूक को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह बंदूक आत्मरक्षा के लिए रखी गई थी और इसका लाइसेंस वर्ष 2004 में बना हुआ है। पुलिस ने आरोपी भादरू राम को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।