मणिमहेश कैलाश संगम संस्था, हमीरपुर के तत्वावधान में निकली भव्य शोभायात्रा, 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर
प्रसिद्ध शक्तिपीठ कालीनाथ कालेश्वर महादेव मंदिर में मणिमहेश कैलाश संगम संस्था, हमीरपुर द्वारा पवित्र बेड़ा तारने की रस्म श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न की गई। इस धार्मिक आयोजन में संस्था के पदाधिकारियों, विभिन्न शाखाओं के अध्यक्षों तथा बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ बेड़ा पूजन से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सुसज्जित पवित्र बेड़े को अपने कंधों पर उठाकर भव्य धार्मिक शोभायात्रा निकाली। इस दौरान मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "जय मणिमहेश" के जयघोषों से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि बेड़ा तारने की रस्म मणिमहेश यात्रा का एक महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है। इस परंपरा का उद्देश्य भगवान शिव की कृपा से यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय सम्पन्न होने की कामना करना है। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से देशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की प्रार्थना भी की।
कार्यक्रम के समापन पर मणिमहेश कैलाश संगम संस्था, हमीरपुर ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी स्वयंसेवकों, दानदाताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी मणिमहेश यात्रा एवं सेवा कार्यों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube