एप्रिल सेक्टर के प्रशिक्षणार्थियों ने फैशन शो में दिखाया कौशल, पारंपरिक से वेस्टर्न ड्रेस तक 7 राउंड में हुआ आकर्षक प्रदर्शन
सोलन। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ग्रेड-ए) सोलन में गुरुवार को निदेशालय तकनीकी शिक्षा एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण, सुंदरनगर के निर्देशानुसार एप्रिल सेक्टर के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा स्वनिर्मित परिधानों की भव्य फैशन शो एवं रैंप वॉक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के रचनात्मक कौशल को मंच प्रदान करना तथा आमजन को ड्रेस मेकिंग जैसे रोजगारपरक व्यवसायों के प्रति जागरूक करना था।
संस्थान की प्रधानाचार्य इंजीनियर नवीन कुमारी ने बताया कि यह आयोजन छात्राओं द्वारा पूरे वर्ष के प्रशिक्षण के दौरान तैयार किए गए परिधानों को प्रदर्शित करने के लिए किया गया।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा भी तय करते हैं। उन्होंने ड्रेस मेकिंग ट्रेड की अनुदेशिका श्रीमती तेनजिन डोल्मा और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवनीत ढिमरी, डिप्टी मैनेजर (सीएसआर), पिडिलाइट इंडस्ट्रीज ने संस्थान, प्रशिक्षकों और छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रशिक्षणार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया और पिडिलाइट इंडस्ट्रीज की ओर से भविष्य में भी हर संभव सहयोग तथा निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी रखने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्विंग टेक्नोलॉजी की छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए परिधानों को रैंप पर आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया। रैंप वॉक में साड़ी, काफ्तान, भारतीय पारंपरिक परिधान, वेस्टर्न ड्रेस, लहंगा, रेजता तथा लाहौली पारंपरिक परिधानों सहित कुल सात राउंड आयोजित किए गए।
प्रतियोगिता के परिणामों में साड़ी राउंड में अंजली प्रथम और तान्या द्वितीय, काफ्तान राउंड में अंजली प्रथम व लक्ष्मी द्वितीय, भारतीय पारंपरिक परिधान में अंजली प्रथम व तान्या द्वितीय, वेस्टर्न ड्रेस में सोनम प्रथम व अंजली द्वितीय, लहंगा राउंड में लक्ष्मी प्रथम व अंजली द्वितीय,
रेजता राउंड में राखी प्रथम व उमंग द्वितीय तथा लाहौली पारंपरिक परिधान राउंड में दुर्गा प्रथम और साक्षी द्वितीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वर्ग अनुदेशक मनोज कुमार शर्मा, अनिल कुमार ठाकुर, कर्मजीत सिंह, कार्यालय अधीक्षक विकास सैनी, ट्रेड अनुदेशिका तेनजिन डोल्मा, पिडिलाइट इंडस्ट्रीज के अखिलेश कुमार सहित विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षक, कार्यालय स्टाफ एवं संस्थान के लगभग 250 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube