जवाली (कांगड़ा)
जिला कांगड़ा के पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत देहर खड्ड में डूबने से सोमवार को एक 16 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान वंश चौधरी (16) पुत्र सुमेर नाथ निवासी करड़ियाल के रूप में हुई है। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और सिविल अस्पताल जवाली पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सिलेंडर भरवाने निकले थे दोस्त, खड्ड में नहाते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, वंश चौधरी अपने पिता की कार लेकर अपने दो दोस्तों आकाश शर्मा और सुरजीत कुमार के साथ घर से खरोटा स्थित गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर भरवाने के लिए निकला था।
वहाँ गैस सिलेंडर न भरे जाने के कारण तीनों दोस्त कार से वापस लौटते समय हार के पास स्थित देहर खड्ड में नहाने के लिए रुक गए। नहाते वक्त वंश चौधरी अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
उसे डूबता देख दोनों दोस्तों ने शोर मचाया, जिसे सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद वंश को पानी से बाहर निकाला और तुरंत सिविल अस्पताल जवाली पहुंचाया, लेकिन वहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में पीड़ित के दोनों अन्य दोस्त सुरक्षित हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही जवाली पुलिस की टीम तुरंत सिविल अस्पताल पहुंची और मृतक के साथ गए दोनों युवकों के बयान कलमबद्ध किए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी (ASP) धर्म चंद वर्मा ने बताया कि देहर खड्ड में डूबने से युवक वंश चौधरी की मौत हुई है। पुलिस ने साथ गए अन्य दोस्तों के बयान दर्ज करके आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।