सराज
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के सराज स्थित आवास पर इन दिनों नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का ताँता लगा हुआ है। स्थानीय निकाय और पंचायतीराज चुनावों में जीत दर्ज कर आए प्रदेश भर के प्रतिनिधि लगातार उनसे शिष्टाचार भेंट करने पहुँच रहे हैं।
इसी कड़ी में बल्ह विधानसभा क्षेत्र के जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्यों, प्रधानों और उप-प्रधानों ने विधायक इंद्र सिंह गांधी के नेतृत्व में उनसे मुलाकात की। इसके साथ ही, आनी विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने विधायक लोकेंद्र कुमार के नेतृत्व में तथा सराज के बालीचौकी मंडल की विभिन्न नवगठित ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों
और कांगड़ा से आए प्रतिनिधियों ने भी पूर्व मुख्यमंत्री से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।
जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और विकास को गति देने का आह्वान
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शानदार जीत की हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएँ कीं। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के निर्वहन में जनसेवा को ही सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि सभी जनप्रतिधि जनता के भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरेंगे और ग्रामीण विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, पारदर्शिता व क्षेत्र की समृद्धि में अपना बहुमूल्य योगदान देकर विकास कार्यों को नई गति प्रदान करेंगे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर धर्मपत्नी संग किया पौधारोपण
इसी दौरान विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जयराम ठाकुर ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर के साथ अपने पैतृक गांव तांदी में पौधारोपण किया और प्रकृति संरक्षण का एक बड़ा संदेश दिया।
वृक्षों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वृक्ष स्वयं धूप में खड़े रहकर दूसरों को छाया और फल देते हैं, जो वास्तव में सत्पुरुष के समान हैं। उन्होंने पृथ्वी को अपनी माँ बताते हुए कहा कि एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण का आधार है।
अंत में उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों से अपने आसपास बढ़-चढ़कर पौधारोपण करने का आग्रह किया।