कृषि विभाग ने गेहूं की 677, 222 और 303 किस्मों के बीज किए उपलब्ध, आधार कार्ड पर मिल रहा बीज और सब्सिडी का लाभ
किसानों को बेहतर फसल उत्पादन के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कृषि विभाग केंद्र जाच्छ में गेहूं की उन्नत किस्मों के बीज वितरित किए जा रहे हैं।
गेहूं की बुवाई का सीजन शुरू होने के साथ ही क्षेत्र के किसान बीज लेने के लिए केंद्र पहुंच रहे हैं। विभाग की ओर से गेहूं की 677, 222 और 303 किस्मों के अलावा विभिन्न प्रकार की सब्जियों के बीज भी उपलब्ध करवाए गए हैं।
कृषि विभाग के विषयवाद विशेषज्ञ डॉ. शैलेन्द्र पाल सूद ने बताया कि केंद्र में उपलब्ध गेहूं की 677 किस्म क्षेत्र के वातावरण और जलवायु के लिहाज से काफी उपयुक्त है। इसकी खासियत यह है कि इसे कम पानी में भी उगाया जा सकता है। इससे कम सिंचाई की स्थिति में भी बेहतर फसल उत्पादन की उम्मीद रहती है।
उन्होंने बताया कि किसानों की मांग और जरूरत को देखते हुए विभाग ने पर्याप्त मात्रा में गेहूं का बीज मंगवाया है। फिलहाल किसानों को आधार कार्ड के आधार पर बीज वितरित किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय रहते कृषि विभाग केंद्र जाच्छ पहुंचकर बीज प्राप्त कर लें, ताकि बुवाई के सीजन में किसी तरह की परेशानी न हो।
किसानों ने की कृषि विभाग की पहल की सराहना
कृषि विभाग केंद्र जाच्छ से बीज लेने पहुंचे किसानों ने विभाग की पहल की सराहना की। गांव पजाहड़ा के एक किसान ने बताया कि वह हर साल इसी केंद्र से गेहूं का बीज लेते हैं। यहां से मिलने वाले बीज से उनकी फसल अच्छी होती है। उन्होंने सरकार और कृषि विभाग का आभार जताते हुए अन्य किसानों से भी इसी केंद्र से बीज लेने की अपील की।
हटली पंचायत के किसान सुभाष ने बताया कि केंद्र में अच्छी गुणवत्ता का गेहूं का बीज उपलब्ध करवाया जा रहा है। सरकार की ओर से किसानों को सब्सिडी का लाभ भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के कर्मचारी किसानों को बीज उपलब्ध करवाने के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।
वहीं, खज्जन से पहुंचे एक किसान ने बताया कि उन्होंने कृषि विभाग केंद्र जाच्छ से गेहूं के साथ मटर का बीज भी खरीदा है। उन्होंने बीज की गुणवत्ता और विभागीय कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की।
केंद्र पहुंचे अन्य किसानों ने भी उन्नत किस्मों के बीज की गुणवत्ता और विभागीय कर्मचारियों के सहयोग पर संतोष जताया। किसानों ने अन्य किसानों से भी समय रहते कृषि विभाग केंद्र जाच्छ पहुंचकर गेहूं और दूसरी फसलों के उपलब्ध बीज का लाभ उठाने की अपील की।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube