हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुजानपुर थाना के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटलानदर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ बीती रात करीब एक बजे डीएवी स्कूल आलमपुर के एक छात्र ने मानसिक दबाव के चलते आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
परिजनों का दावा है कि छात्र ने सुसाइड नोट में स्कूल प्रबंधन द्वारा दी जा रही कथित प्रताड़ना और अत्यधिक मानसिक दबाव को अपनी मौत की वजह बताया है। फिलहाल पुलिस इस सुसाइड नोट की सत्यता की गहनता से जांच कर रही है।
परिजनों का फूटा गुस्सा, डीएवी आलमपुर पहुंचकर की नारेबाजी
इस दर्दनाक घटना के बाद मंगलवार सुबह मृतक छात्र के परिजन और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण डीएवी स्कूल आलमपुर पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्कूल के अत्यधिक दबाव के कारण ही उनके बच्चे को यह खौफनाक कदम उठाना पड़ा। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी स्कूल की तरफ से कोई संवेदना प्रकट नहीं की गई और न ही पोस्टमार्टम के दौरान स्कूल का कोई प्रतिनिधि वहां पहुंचा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यह मामला केवल एक बच्चे का नहीं बल्कि शिक्षण संस्थानों की जवाबदेही और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा है, इसलिए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होने तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज, जांच में जुटी सुजानपुर पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
उन्होंने पुष्टि की कि मौके से मिले सुसाइड नोट को जांच में शामिल कर लिया गया है और परिजनों के आरोपों के आधार पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब हर पहलू को ध्यान में रखकर निष्पक्षता से जांच आगे बढ़ा रही है ताकि छात्र की मौत के असली कारणों और जिम्मेदार लोगों को बेनकाब किया जा सके।