हमीरपुर I
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के भोरंज उपमंडल के अंतर्गत आने वाले लजयाणी गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ पिता और पुत्र के बीच हो रहे घरेलू विवाद में बीच-बचाव करने पहुंची एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की धक्का-मुक्की के दौरान गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देर से घर आने को लेकर छिड़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात की है। 25 वर्षीय साहिल शर्मा, जो पिकअप गाड़ी चलाने का काम करता है, देर रात काम से घर लौटा था। घर जल्दी आने की बात को लेकर उसके पिता श्याम लाल ने उसे टोका, जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों के बीच हाथापाई और धक्का-मुक्की होने लगी।
बीच-बचाव के दौरान हुआ हादसा
घर में मौजूद श्याम लाल की माता और साहिल की दादी, रतनी देवी (80 वर्ष) ने जब पिता-पुत्र को आपस में भिड़ते देखा, तो वह उन्हें शांत करवाने और बीच-बचाव करने के लिए बीच में आईं। इसी दौरान हुई धक्का-मुक्की में बुजुर्ग महिला अपना संतुलन खो बैठीं और जमीन पर गिर गईं। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई और रिमांड
घटना की सूचना रात करीब 12:00 बजे पुलिस को दी गई। थाना भोरंज की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह एक घरेलू विवाद का मामला लग रहा है जो अचानक बढ़ गया। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
परिवार का हाल
मृतक रतनी देवी के बेटे श्याम लाल की तीन बेटियां और एक बेटा है। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटे साहिल शर्मा की शादी अभी महज 6 महीने पहले ही हुई थी। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।