पदभार संभालते ही बोले- राजस्व मामलों का समयबद्ध निपटारा और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान रहेगा फोकस
जिला कांगड़ा के उपमंडल फतेहपुर में रमण कुमार शर्मा ने नए उपमंडलाधिकारी नागरिक (एसडीएम) के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समाधान करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि लोगों को अपने छोटे-बड़े कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और जनहितैषी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
राजस्व मामलों का समय पर निपटारा रहेगा प्राथमिकता
एसडीएम रमण कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों का समयबद्ध निपटारा उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे जनता की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनें और नियमों के अनुसार उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं और सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका उचित समाधान किया जा सके।
एसडीएम ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि चिट्टे जैसे घातक नशे समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं। इसलिए उन्हें नशे से बचकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने अभिभावकों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर जागरूकता अभियान चलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ समाज की भागीदारी से ही नशे जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube