वार्ड नंबर-5 में तस्वीरों के साथ मिली अंतिम संस्कार की सामग्री, युवा भाजपा नेता सुनीश डढवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की बात कही
ऊना जिले की नारी पंचायत में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब वार्ड नंबर-5 स्थित श्मशानघाट में पांच प्रतिष्ठित व्यक्तियों की तस्वीरें मिलीं। तस्वीरें सफेद कपड़े में लिपटी हुई थीं और प्रत्येक तस्वीर पर तीन-तीन कीलें ठोंकी गई थीं। मौके पर अंतिम संस्कार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी रखी हुई थी।
तस्वीरें वहां किसने रखीं और इसके पीछे क्या उद्देश्य था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
नारी गांव के वार्ड नंबर-3 के कारोबारी एवं युवा भाजपा नेता सुनीश डढवाल ने बताया कि श्मशानघाट में मिली तस्वीरों में उनकी तस्वीर भी शामिल है। उन्होंने कहा कि उनकी तस्वीर इंटरनेट मीडिया से लेकर उसका प्रिंट निकलवाया गया है। सुनीश डढवाल ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की बात कही है।
पंचायत के उपप्रधान सुरेंद्र कुमार सोनी की तस्वीर भी सफेद कपड़े में लिपटी हुई मिली। बताया गया कि तस्वीरों के साथ खाद्य सामग्री भी रखी गई थी, जिसे आवारा कुत्ते घसीटकर ले गए।
घटनास्थल पर अंधेरा होने और आसपास घास होने के कारण ग्रामीण पूरे स्थान को ठीक से नहीं देख पाए। इस वजह से वहां रखी तस्वीरों और अन्य वस्तुओं की कुल संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी।
नारी पंचायत के प्रधान प्रवीण वाला ने बताया कि उन्हें इस मामले की शिकायत मिली है। फिलहाल तस्वीरें वहां किसने रखीं और इसके पीछे क्या कारण था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube