बिलासपुर।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राम पंचायत कलोल के बकैन गांव में एक संदिग्ध लाल रंग का गुब्बारा बरामद हुआ। इस गुब्बारे के साथ एक प्लास्टिक का लिफाफा बंधा था, जिसमें पाकिस्तानी मुद्रा (करेंसी) मिलने से स्थानीय लोग और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने आज सुबह खेत के पास एक लाल रंग का बड़ा गुब्बारा देखा, जिस पर कुछ अजीबोगरीब चित्र और निशान बने हुए थे। जब गुब्बारे की जांच की गई, तो उसके साथ धागे से बंधा एक प्लास्टिक का लिफाफा मिला। लिफाफे को खोलने पर उसमें 10-10 रुपये के दो नोट बरामद हुए, जिन पर स्पष्ट रूप से "बैंक ऑफ पाकिस्तान" लिखा हुआ है।
मामले की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गुब्बारे और नोटों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह गुब्बारा सीमा पार से उड़कर आया है या किसी शरारती तत्व ने इसे स्थानीय स्तर पर छोड़ा है। गुब्बारे पर बने चित्रों के संकेतों को समझने के लिए एक्सपर्ट्स की मदद ली जा सकती है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) बिलासपुर, संदीप धवल ने बताया कि संदिग्ध गुब्बारा और पाकिस्तानी करेंसी बरामद की गई है। उन्होंने कहा पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
यह पता लगाया जा रहा है कि नोट असली हैं या नकली और गुब्बारे का स्रोत क्या है। हमने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं और तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में इसकी सूचना दें।
हिमाचल प्रदेश के निचले इलाकों में इस तरह के गुब्बारे मिलना सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जा रहा है। खुफिया एजेंसियां भी इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इसके पीछे कोई जासूसी या असामाजिक गतिविधि तो शामिल नहीं है।