ऊना I
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बाथू-बाथड़ी स्थित एक पेट्रोल पंप से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। महज 50 रुपये के ऑनलाइन भुगतान में देरी होने पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने एक युवक को बंधक बनाकर डंडों और लोहे के औजारों से बेरहमी से पीटा। इस खौफनाक मंजर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।
क्या है पूरा विवाद?
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक यूसुफ, निवासी वार्ड नंबर-2, टाहलीवाल शनिवार रात बाथड़ी से वापस लौट रहा था। रास्ते में वह एक पेट्रोल पंप पर 50 रुपये का तेल भरवाने के लिए रुका।
भुगतान करते समय अचानक यूसुफ का मोबाइल फोन बंद हो गया। पीड़ित का कहना है कि उसने कर्मचारियों से केवल इतनी सी विनती की थी कि उसका फोन चार्ज पर लगा दिया जाए ताकि वह 'गूगल पे' के माध्यम से पैसे दे सके।
कमरे में ले जाकर डंडों और प्लास से किया हमला
आरोप है कि इतनी सी बात पर पंप कर्मी भड़क गए और युवक को घसीटते हुए पंप के भीतर एक कमरे में ले गए। वहां उसे बंधक बनाकर डंडों और लोहे के प्लास (Pliers) से बुरी तरह पीटा गया। वायरल वीडियो में युवक की चीखें साफ सुनी जा सकती हैं, जिससे इलाके के लोगों में गहरा आक्रोश है।
पुलिस की कार्रवाई और प्रेस कॉन्फ्रेंस
घटना की गंभीरता को देखते हुए ऊना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। आज इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस इस मामले में अब तक हुई गिरफ्तारियों और कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा साझा करेगी।
इलाके में तनाव का माहौल
इस अमानवीय कृत्य के बाद टाहलीवाल और बाथड़ी क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गुंडागर्दी करने वाले इन कर्मचारियों और पेट्रोल पंप प्रबंधन के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।