हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल से एक दुखद मामला सामने आया है। धवाल पंचायत में 10 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
खाना खाने के बाद सोने गई थी बच्ची
जानकारी के अनुसार, धवाल पंचायत निवासी कुलदीप कुमार की 10 वर्षीय बेटी अवनी गुरुवार को घर के आंगन में खेल रही थी। दोपहर में उसने परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद आराम करने के लिए अपने कमरे में सोने चली गई।
कुछ समय बाद जब उसकी मां उसे जगाने पहुंची तो अवनी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। कई बार आवाज लगाने और उठाने की कोशिश के बावजूद बच्ची नहीं उठी, जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घबराए परिजन तुरंत बच्ची को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि बच्ची की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी कारण की पुष्टि करना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम और अन्य मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के परिणाम मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube