मंडी
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आज नेरचौक के परमार पैलेस में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ.
राजीव बिंदल ने केंद्रीय बजट 2026 को व्यापारी वर्ग के लिए दूरदर्शी और ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल टैक्स प्रणाली को सरल बनाता है, बल्कि छोटे उद्यमियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार भी करता है।
डॉ. बिंदल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने व्यापारियों के 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' (Ease of Doing Business) को प्राथमिकता दी है। बजट की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा फेसलेस असेसमेंट को मजबूत करना, रिफंड प्रक्रिया में तेजी और रिटर्न संशोधन की समयसीमा बढ़ाना व्यापारियों के लिए बड़ी
राहत है। जीएसटी प्रक्रिया को और अधिक स्वचालित (Automated) बनाया गया है, जिससे छोटे व्यापारियों का वर्किंग कैपिटल ब्लॉक नहीं होगा। 'ओपन डिजिटल कॉमर्स नेटवर्क' (ONDC) और डिजिटल बिलिंग सिस्टम के माध्यम से खुदरा व्यापारियों के लिए नए बाजार खुल रहे हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मध्यम एवं लघु उद्योग (MSME) देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। बजट में इनके लिए निम्नलिखित विशेष प्रावधान किए गए हैं बिना जमानत के ऋण (Collateral-free loans) की सीमा में बढ़ोतरी।
मुद्रा ऋण की सीमा बढ़ाना और फिनटेक के माध्यम से ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को तेज करना। सड़क, रेल और वेयरहाउसिंग पर भारी पूंजीगत निवेश से माल ढुलाई की लागत कम होगी, जिसका सीधा लाभ व्यापारियों को मिलेगा।
बैठक के दौरान डॉ. बिंदल ने व्यापार प्रकोष्ठ को संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आह्वान किया कि बजट के इन लाभकारी प्रावधानों को जमीनी स्तर पर हर छोटे और बड़े व्यापारी तक पहुँचाया जाए।
इस प्रदेश स्तरीय बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी शर्मा, विधायक इंद्र सिंह गांधी, भाजपा प्रकोष्ठों के संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया, जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, प्रदेश संयोजक (व्यापार प्रकोष्ठ) गोविंद ठाकुर, जिला अध्यक्ष आशुतोष वैद्य और मीडिया प्रभारी राकेश वालिया सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।