नेरचौक। मंडी जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। आईटीआई में पढ़ने वाले तीन दोस्त रोज की तरह अपने गंतव्य की ओर निकले थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर दो युवकों के लिए आखिरी साबित होगा।
चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर नागचला और डडौर के बीच हुए भीषण हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। तीनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मंडी से सुंदरनगर की ओर जा रहे थे। नागचला के समीप उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।
हादसे में 21 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र बीरबल सिंह निवासी गांव पपलेड़ा, डाकघर मराथु, तहसील सदर, जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय राजीव कुमार पुत्र धर्म सिंह, निवासी गांव व डाकघर मराथु, तहसील सदर, जिला मंडी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
हादसे में घायल तीसरे युवक मनोज कुमार, जो सोलन खेड़ा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है, का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार तीनों युवक सुंदरनगर स्थित आईटीआई में अध्ययनरत थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर से सुबह बेटे पढ़ाई के लिए निकले थे, वहां कुछ ही घंटों बाद उनकी मौत की खबर पहुंच गई। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।