कांगड़ा
मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में जारी युद्ध के बीच सोशल मीडिया पर घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत और दामों में भारी बढ़ोतरी की अफवाहों ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। इन खबरों के चलते नूरपुर और आसपास के क्षेत्रों में उपभोक्ताओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल देखा गया, जिस पर अब जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है।
सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म
नूरपुर की सुल्याली पंचायत स्थित गैस एजेंसी और अन्य वितरण केंद्रों पर पहुंचे उपभोक्ताओं के बीच इन दिनों गैस की उपलब्धता को लेकर गहरी चर्चा है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक खबरों में दावा किया जा रहा है कि युद्ध के चलते आने वाले दिनों में रिफिलिंग में भारी दिक्कत आ सकती है।
इन अफवाहों के कारण कई लोग जरूरत से ज्यादा सिलेंडर स्टोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
उपायुक्त कांगड़ा की अपील: "न घबराएं, सप्लाई पूरी तरह सुचारू"
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांगड़ा के उपायुक्त ने जनता से शांत रहने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू और कमर्शियल गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। गैस की सप्लाई चेन में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं है। नियमानुसार सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर फैल रही निराधार खबरों पर ध्यान न दें। जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। लोग अपनी जरूरत के हिसाब से ही सिलेंडर बुक करें ताकि वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे।" — उपायुक्त, कांगड़ा
स्थानीय गैस एजेंसियों और सुलयाली के उपभोक्ताओं का कहना है कि फिलहाल उन्हें सिलेंडर प्राप्त करने में कोई समस्या नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों ने भी पुष्टि की है कि एजेंसियां तय समय और नियमों के अनुसार रिफिलिंग कर रही हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अनावश्यक जमाखोरी करने या अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है।