कुल्लू: हिमाचल प्रदेश की ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद सैलानी अभी भी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। ऐसे में जिला कुल्लू में भी जनवरी माह के पहले सप्ताह सैलानियों की भीड़ विभिन्न पर्यटन स्थलों पर देखने को मिल रही है।
सैलानी पहाड़ों पर बर्फबारी देखने के साथ-साथ यहां साहसिक गतिविधियों का भी मजा ले रहे हैं। जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर में भी सैलानी आसमान में परिंदों की तरह उड़ रहे हैं और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधि का भी मजा ले रहे हैं।
पर्यटन विभाग के द्वारा ढालपुर के साथ लगते पीज की पहाड़ी पर पैराग्लाइडिंग साइट बनाई है। सैलानी ढालपुर से पहले पीज की पहाड़ी पर पहुंच रहे हैं और उसके बाद पैराग्लाइडिंग के माध्यम से ढालपुर मैदान में उतर रहे हैं।
ऐसे में आसमान में उड़ते हुए मानव परिंदों को देखने के लिए ढालपुर में भी लोगों की भीड़ जुट रही है। इसके अलावा सैलानियों की आवाजाही होने से स्थानीय युवाओं को भी रोजगार मिल रहा है।
तमिलनाडु से आए सैलानी अलाविन ने कहा कि वह पहली बार यहां पर आए हैं और यहां का मौसम उन्हें काफी अच्छा लग रहा है। यहां पर आकर उन्होंने पैराग्लाइडिंग का आनंद लिया है और मनाली में भी वह साहसिक गतिविधियों का मजा लेंगे।
छत्तीसगढ़ से आए सैलानी मयूर बजाज ने कहा कि यहां का मौसम काफी साफ है और बीमार व्यक्ति भी अगर कुल्लू मनाली घूमने आए। तो वह स्वस्थ होकर वापस अपने घर जा सकता है। पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी हुई है जिसके चलते यहां ठंड काफी अधिक है। लेकिन उसके बावजूद भी अपने परिवार के साथ कुल्लू मनाली में घूमने का मजा ले रहे हैं।
चेन्नई से आई सैलानी राधिका मोहन राज ने बताया कि वह पहली बार कुल्लू मनाली घूमने आई है और यहां पर उन्होंने पैराग्लाइडिंग का मजा लिया है। जब वह पैराग्लाइडिंग कर रही थी तो उन्हें लग रहा था कि वह पंछियों की तरह आसमान में उड़ रही है। ऐसे में पैराग्लाइडिंग का अनुभव उन्हें जीवन भर याद रहेगा।
छत्तीसगढ़ के रायपुर से आई सैलानी भवन बजाज ने कहा कि कुल्लू मनाली घूमने का अनुभव उन्हें हमेशा याद रहेगा। क्योंकि यहां पर ठंड भी काफी अधिक है और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधि का भी उन्होंने आनंद लिया है। अब वह जिला कुल्लू के अन्य पर्यटन स्थलों का भी रुख करेंगे और यहां की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेगी।