शिमला I
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों का इंतजार खत्म हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त अनिल खाची ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चुनावी शेड्यूल (Schedule) जारी कर दिया है।
प्रदेश की 3,754 पंचायतों में तीन चरणों में मतदान संपन्न होगा। चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता (Model Code of Conduct) तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की प्रक्रिया निम्न प्रकार रहेगी अधिसूचना जारी होने की तिथि 29 अप्रैल, 2026, नामांकन प्रक्रिया 7, 8 और 11 मई तक पर्चे भरे जा सकेंगे, नामांकन की जांच (Scrutiny) 12 मई, 2026, नाम वापसी की अंतिम तिथि 15 मई, 2026 I प्रदेश के 50 लाख 79 हजार मतदाता तीन चरणों में अपने मताधिकार का प्रयोग
करेंगे प्रथम चरण 26 मई, द्वितीय चरण 28 मई, तृतीय चरण 30 मई I
इस बार पंचायत चुनाव में मतदाता को भ्रमित होने से बचाने के लिए अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग रंगों के बैलेट पेपर का उपयोग किया जाएगा सफेद पंचायत सदस्य (वार्ड पंच), पीला उपप्रधान, हल्का हरा प्रधान, गुलाबी बीडीसी (BDC) सदस्य, हल्का नीला जिला परिषद सदस्य I
त्रिस्तरीय पंचायती राज प्रणाली के तहत कुल 31,214 पदों के लिए चुनाव होने हैं, जिनका विवरण इस प्रकार है पंचायत सदस्य (वार्ड पंच) 21,678, प्रधान एवं उपप्रधान 3,754-3,754, पंचायत समिति (BDC) सदस्य 1,769, जिला परिषद सदस्य 251
पंचायतों के साथ-साथ शिमला जिले के रोहड़ू नगर परिषद और नारकंडा नगर पंचायत के लिए भी चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इन दोनों निकायों में 22 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। इसके साथ ही प्रदेश के 53 शहरी निकायों में भी आचार संहिता प्रभावी हो गई है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी पंचायतों की मतदाता सूचियां अधिसूचित कर दी गई हैं। वार्ड स्तर पर सूचियों की प्रतियां छप चुकी हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करने का रास्ता साफ हो गया है।