गुप्त सूचना के आधार पर गांव बाईं अटारियां में पुलिस की दबिश, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना डमटाल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव बाईं अटारियां में एक युवक के घर पर छापेमारी कर 151.9 ग्राम चरस (भांग) बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि थाना डमटाल की पुलिस टीम गश्त और चेकिंग के दौरान कन्दरोडी फाटक के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव बाईं अटारियां निवासी कौशल अपने घर से चरस बेचने का अवैध कारोबार कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी की और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर पर छापेमारी की।
बेड की दराज से मिली चरस
तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे में रखे बेड के रैक की दराज से एक पारदर्शी लिफाफा मिला। जब पुलिस ने उसकी जांच की तो उसमें बत्तीनुमा पदार्थ मिला। मौके पर वजन करने पर इसकी मात्रा 151.9 ग्राम पाई गई, जिसकी पहचान चरस के रूप में हुई।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कौशल (24 वर्ष) पुत्र केवल सिंह, निवासी गांव बाईं अटारियां, डाकघर कन्द्रोडी, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
एएसपी धर्मचंद वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना डमटाल में एफआईआर संख्या 126/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 61 और 85 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी को चरस कहां से मिली और वह इसे किन लोगों तक पहुंचा रहा था। पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालकर पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग
नूरपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में नशा तस्करी या मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube