चम्बा
हिमाचल प्रदेश की मशहूर पर्यटन नगरी डलहौजी इन दिनों कुदरत के अनूठे शृंगार से सराबोर है। हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के बाद पूरी घाटी ने सफेद चादर ओढ़ ली है, जिससे डलहौजी किसी 'सफेद स्वर्ग' जैसी नजर आ रही है। डलहौजी की इन दिलकश वादियों को देखकर यहाँ पहुँच रहे पर्यटक इसकी तुलना अंतरराष्ट्रीय गंतव्य स्विट्जरलैंड से कर रहे हैं।
बर्फबारी के बाद डलहौजी का हर नजारा जादुई हो गया है। ऊंचे देवदार के पेड़, मकानों की छतें और सड़कें सब कुछ बर्फ की मोटी परत से ढकी हुई हैं। प्रकृति का यह मनमोहक रूप देश के कोने-कोने से सैलानियों को अपनी ओर खींच रहा है। लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों की मुराद पूरी होते ही अब यहाँ हजारों की संख्या में लोग पहुँच रहे हैं।
बर्फबारी के चलते डलहौजी के पर्यटन उद्योग में भारी रौनक देखी जा रही है। शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी में जबरदस्त इजाफा हुआ है। माल रोड, सुभाष चौक और गांधी चौक पर पर्यटकों का हुजूम उमड़ रहा है। लोग बर्फ के गोले बनाकर खेल रहे हैं और इस यादगार मंजर को सेल्फी और कैमरों में कैद कर रहे हैं।
पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी मुस्तैद है। डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा ने बताया कि पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिसकर्मी दिन-रात ड्यूटी पर तैनात हैं ताकि आने वाले मेहमानों को किसी तरह की असुविधा न हो।
डलहौजी इस समय बेहद खूबसूरत लग रहा है। यहाँ का नज़ारा किसी अंतर्राष्ट्रीय डेस्टिनेशन से कम नहीं है।