शिमला।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 'हिमकेयर' (HIMCARE) स्वास्थ्य योजना को लेकर पूर्व भाजपा सरकार और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि इस योजना में करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक की भारी वित्तीय अनियमितताएं और गंभीर चिकित्सा लापरवाही सामने आई है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने योजना के तहत हुए फर्जीवाड़े के ऐसे उदाहरण दिए जिन्हें सुनकर हर कोई हैरान है। उन्होंने बताया कि कागजों में पुरुषों की बच्चादानी (Uterus) के ऑपरेशन तक दिखा दिए गए, जो चिकित्सकीय रूप से असंभव है।
कई मरीजों की आंखों में एक्सपायरी डेट वाले आई लेंस (Eye Lenses) डाल दिए गए, जिससे उनकी रोशनी पर खतरा मंडरा रहा है। सरकार ने इस पूरे घोटाले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा सिटिंग जज से जांच कराने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष केवल मामले को लटकाना और टालना चाहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस भ्रष्टाचार की जड़ तक जाएगी और जल्द ही मरीजों के लिए एक नई और पारदर्शी इंश्योरेंस पॉलिसी लाने पर विचार कर रही है।
केंद्र सरकार द्वारा डीजल-पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल वह इसके पूरे वित्तीय असर का अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं आज शाम 6:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी ऑनलाइन मीटिंग तय है।
प्रदेश में तेल की सप्लाई को लेकर सुक्खू ने जनता को आश्वस्त किया कि वर्तमान में डीजल-पेट्रोल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और सरकार इस पर पैनी नजर रख रही है।