काज़ा
आयुष विभाग मंडी ज़ोन के उपनिदेशक डॉ. राजन सिंह ने अपने स्पीति प्रवास के दौरान क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और आयुष विभाग के मूलभूत ढांचे को सुदृढ़ करने
के लिए सभी अधिकारी निष्ठा एवं समर्पण की भावना से कार्य करें।
खूरिक केंद्र में चल रहे निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
अपने प्रवास के दौरान सोमवार को उपनिदेशक डॉ. राजन सिंह ने सबसे पहले उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी कार्यालय काज़ा का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र खूरिक का दौरा किया।
वहां चल रहे मरम्मत व पुर्ननिर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) को काम में तेजी लाने और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए ताकि मरीजों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
सुदूरवर्ती आयुष केंद्रों का निरीक्षण, स्टाफ की कमी पर हुई चर्चा
उपनिदेशक ने स्पीति घाटी के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्थित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र गियू, शिचलिंग, हुरलिंग, लोसर और चिचम का भी गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डॉ.
सुरेश कुमार और डॉ. सचिन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके उपरांत काज़ा उपमंडल के सभी संस्थानों के प्रभारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न आयुष संस्थानों में आ रही स्टाफ की कमी, इंफ्रास्ट्रक्चर और निर्माण संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
आयुष आरोग्य मंदिर के रूप में स्तरोन्नत होंगे स्वास्थ्य केंद्र
बैठक में उपनिदेशक ने क्षेत्र के विभिन्न आयुष स्वास्थ्य संस्थानों को 'आयुष आरोग्य मंदिर' के रूप में स्तरोन्नत (Upgrade) करने के निर्देश जारी किए। इसके साथ ही उन्होंने आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले 'अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस' कार्यक्रम को घाटी में बड़े स्तर पर सफल बनाने के लिए एडवांस में शुभकामनाएं दीं।
उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि विभाग स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर चला रहा है। इससे पूर्व काज़ा स्टाफ द्वारा उपनिदेशक का पारंपरिक स्वागत किया गया।