मनाली
रोहतांग के ऊंचे शिखरों और अटल टनल के आसपास बीते कल हुई अचानक भारी बर्फबारी ने पर्यटकों और स्थानीय प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दीं। बर्फबारी के कारण साउथ पोर्टल के पास लगभग 1,000 से अधिक वाहन फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए मनाली पुलिस और बीआरओ (BRO) ने पूरी रात संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
सड़क पर बर्फ गिरने के बाद तापमान गिरने से वह शीशे की तरह जम गई (Black Ice), जिससे वाहन लगातार फिसल रहे थे। कई चालकों ने वाहनों पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मनाली और बीआरओ के मेजर स्वयं पूरी रात मौके पर डटे रहे और राहत कार्यों की निगरानी की।
फंसे हुए पर्यटकों को राहत पहुँचाने के लिए प्रशासन ने मानवीय पहल करते हुए रात के समय ही पानी, जूस और फल वितरित किए। दूसरी ओर, सड़क को सुचारू करने के लिए बीआरओ ने भारी मशीनरी और लेबर तैनात की। जमी हुई बर्फ को हटाने के लिए बेल्ट मशीनों के साथ-साथ यूरिया खाद का छिड़काव किया गया ताकि बर्फ को जल्द पिघलाया जा सके।
पुलिस और बीआरओ की कड़ी मशक्कत के बाद अधिकांश वाहनों को सुरक्षित रूप से मनाली की ओर रवाना कर दिया गया है। हालांकि, कुछ वाहन जो बर्फ पर बुरी तरह स्किड होकर फंस गए थे, उन्हें निकालने का कार्य अभी भी जारी है। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।