E20 पेट्रोल के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा, बोले- एथेनॉल से किसानों को सबसे ज्यादा फायदा, फिर विरोध क्यों?
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी का काम केवल जनता को गुमराह करना और संसद की कार्यवाही को बाधित करना रह गया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने पहले NEET मुद्दे पर चर्चा की मांग की थी, जिसे पूरा किया गया। इसके बाद संबंधित मंत्री के त्यागपत्र की मांग की गई और वह भी पूरी कर दी गई। इसके बावजूद कांग्रेस और विपक्ष का एकमात्र एजेंडा संसद को चलने नहीं देना है।
E20 पेट्रोल के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि विपक्ष अब E20 पेट्रोल के मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहा है, जिसे उन्होंने अनुचित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्ष विदेशी ताकतों के हाथों में खेलने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी उसके नेता एथेनॉल के इस्तेमाल की वकालत करते रहे हैं, लेकिन अब वही लोग इसका विरोध कर रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस को किसान विरोधी करार देते हुए कहा कि एथेनॉल से किसानों को सबसे अधिक लाभ मिलना था, लेकिन कांग्रेस नहीं चाहती कि किसानों को इसका फायदा मिले।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि NEET परीक्षा के राष्ट्रीयकरण का सबसे अधिक लाभ छात्रों को मिला है। इससे देशभर में मेडिकल प्रवेश के लिए एक समान व्यवस्था उपलब्ध हुई है।
उन्होंने विपक्ष पर मुद्दों को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस को जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करनी चाहिए।
राहुल गांधी के प्रयागराज कार्यक्रम पर तंज
राहुल गांधी के प्रयागराज में युवाओं के साथ संगोष्ठी को लेकर भी अनुराग ठाकुर ने निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रयागराज का कार्यक्रम फ्लॉप साबित हुआ और वहां युवा व छात्र बड़ी संख्या में नहीं पहुंचे, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ता ही मौजूद दिखाई दिए।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली में युवाओं के प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी को सभा में मंच तो नहीं मिल पाया, लेकिन प्रधानमंत्री आवास की जमीन पर जरूर लेट गए।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का काम केवल जनता को गुमराह करना है और पार्टी वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube