मंडी।
सेना भर्ती कार्यालय मंडी द्वारा मुख्यालय भर्ती ज़ोन अंबाला के सौजन्य से पण्डोह में आयोजित की जा रही अग्निवीर भर्ती रैली शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। भर्ती के अंतिम दिन युवाओं में देश सेवा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शनिवार को विशेष रूप से उपायुक्त मंडी, अपूर्व देवगन ने रैली स्थल का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भर्ती रैली के अंतिम दिन उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद किया और पूरी चयन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पारदर्शी तरीके से भर्ती आयोजित करने के लिए सेना प्रबंधन की सराहना की और मैदान में पसीना बहा रहे युवाओं का हौसला बढ़ाया।
आज की रैली विशेष रूप से अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर पद के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के युवाओं ने भाग लिया:
भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत ने रैली के समापन पर विस्तृत आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और आधुनिक तकनीक के साथ संचालित की गई।
कुल पंजीकरण: 2959 अभ्यर्थी।
रैली में उपस्थिति: 2436 अभ्यर्थी फिजिकल टेस्ट के लिए मैदान में उतरे।
शारीरिक परीक्षण में सफल: फिजिकल फिटनेस और शारीरिक माप टेस्ट (PST) की कड़ी चुनौतियों को पार करते हुए कुल 1684 अभ्यर्थी मेडिकल जांच के लिए योग्य पाए गए हैं।
कर्नल गौतम निशांत ने स्पष्ट किया कि सेना में भर्ती केवल योग्यता और कड़ी मेहनत के आधार पर होती है। किसी भी प्रकार के दलालों या धोखाधड़ी से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी और बायोमेट्रिक निगरानी में पूरी की गई है।