मंडी जिले के सुंदरनगर में एक महिला ने एक व्यक्ति पर घर में जबरन घुसकर दुष्कर्म करने, सोने के आभूषण चोरी करने और उसे व उसके पति को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस थाना सुंदरनगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, महिला ने शनिवार को थाने में शिकायत दी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि 3 और 4 अगस्त की मध्यरात्रि को जीवन नामक व्यक्ति जबरदस्ती उसके घर के कमरे में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने आरोप लगाया कि वारदात के बाद आरोपी उसकी अलमारी से करीब पांच तोले सोने के आभूषण चोरी कर ले गया। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पति को भी जान से मारने की धमकी का आरोप
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। इसके अलावा महिला ने अपनी जेठानी सोमावती पर भी उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। महिला का मेडिकल करवाया गया है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच की जा रही है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
डीएसपी सुंदरनगर भारतभूषण ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस इसकी गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है तथा आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube