मंडी।
सरकाघाट के चर्चित सिया हत्याकांड में पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस कस्टडी में जब आरोपी विकास के माता-पिता का उससे सामना करवाया गया, तो मां के यह पूछने पर कि "क्या यह हत्या तूने ही की है?", आरोपी ने सिर हिलाते हुए अपना गुनाह कबूल कर लिया।
आरोपी की मां पहले ही कह चुकी हैं कि यदि उनके बेटे ने यह जघन्य अपराध किया है, तो उसे फांसी की सजा दी जाए।
बीड़ी के टुकड़े और गुस्से की खौफनाक दास्तां
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महीने में बमुश्किल एक या दो दिन ही दिहाड़ी लगा पाता था। वारदात वाले दिन उसने मां से बीड़ी खरीदने के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन पैसे न मिलने पर हुई कहासुनी के बाद वह गुस्से में घर से निकल गया।
आरोपी ने बताया कि वह अक्सर रास्तों में गिरे हुए बीड़ी के टुकड़ों को उठाकर मंदिर के पास पीता था। गुस्से में पागल आरोपी धार स्थित एक गौशाला से होता हुआ गोपालपुर की तरफ बढ़ा, जहाँ रास्ते में उसे सिया मोबाइल पर बात करती हुई मिल गई। आरोपी ने दराट से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे छात्रा को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
साजिश में और भी हो सकते हैं शामिल, 'बाबा' से होगी पूछताछ
शनिवार को पुलिस टीम आरोपी को घटनास्थल पर ले गई और पूरे रूट की वैज्ञानिक मैपिंग करवाई गई। जांच के दौरान कुछ ऐसे साक्ष्य मिले हैं जो इशारा कर रहे हैं कि इस वारदात में आरोपी के साथ कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
पुलिस को पता चला है कि आरोपी नैण गांव के पास मौही स्थित एक कुटिया में अक्सर जाता था। अब पुलिस उस कुटिया में रहने वाले 'बाबा' से भी गहन पूछताछ करने की तैयारी में है।
एसपी खुद कर रहे हैं कमान, जल्द होगा पर्दाफाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार खुद आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी पेड़ों की छंटाई करने में माहिर है, जिससे स्पष्ट होता है कि उसे दराट जैसे तेजधार हथियारों को चलाने का अनुभव था।
पुलिस अब छात्रा और आरोपी के नजदीकी लोगों के कॉल डिटेल्स और अन्य संपर्कों को खंगाल रही है। एसपी ने दावा किया है कि अगले एक-दो दिनों में इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़कर हत्याकांड का पूर्ण पर्दाफाश कर दिया जाएगा।