हमीरपुर
उपमंडल बड़सर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिवपुरी धाम समताना में महाशिवरात्रि का पर्व रविवार को असीम श्रद्धा और अटूट भक्ति के साथ मनाया गया। आध्यात्मिक गुरु स्वामी शेखर सुमन के सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव में चारों ओर 'ॐ नमः शिवाय' की मंत्र ध्वनि गूंजती रही।
महाशिवरात्रि के अवसर पर धाम में विशेष अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। उत्सव की मुख्य विशेषताएं श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर उनका महारुद्राभिषेक किया।
रात करीब 8 बजे से शुरू होकर तड़के सुबह तक भगवान शिव की चार प्रहर की विधिवत पूजा चली। पहले प्रहर की पूजा के पश्चात भगवान सूर्य की लगभग दो घंटे की विशेष पूजा अर्चना की गई, जिसमें भक्तों ने सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। मध्य रात्रि महारुद्राभिषेक के बाद तड़के रुद्री हवन और पूर्णाहुति के साथ अनुष्ठान संपन्न हुआ।
भक्तों ने भगवान भोलेनाथ को जल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर परिवार के कल्याण की कामना की। धाम में पिछले कुछ दिनों से चल रही महाशिवपुराण कथा को भी इस अवसर पर विश्राम दिया गया।
मुख्य आचार्य आशीष शर्मा के नेतृत्व में विद्वान आचार्यों की टीम ने भक्तों का मार्गदर्शन किया। आयोजन कमेटी की ओर से व्यवस्थाएं की गईं श्रद्धालुओं के लिए पूजन एवं हवन सामग्री की उपलब्धता। व्रत रखने वाले भक्तों के लिए शाम को फलाहार भंडारे का आयोजन। सुबह पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे के साथ व्रत का उद्यापन।
रविवार सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जो सोमवार तड़के तक अनवरत जारी रहा। स्वामी शेखर सुमन के मार्गदर्शन में हजारों भक्तों ने इस पावन अवसर पर शिव कृपा प्राप्त की।