डाक विभाग ने सभी सेवाओं में डोर स्टेप आर्टिकल स्कैन सिस्टम किया लागू, मोबाइल नंबर दर्ज होने के बाद OTP से होगा सत्यापन
डाक सेवकों की लापरवाही के मामलों के बाद मंडी जिले में डाक वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब जिले में चिट्ठी, पार्सल, रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट समेत सभी डाक सेवाओं की डिलीवरी OTP आधारित प्रणाली के माध्यम से की जाएगी।
डाक विभाग ने डोर स्टेप आर्टिकल स्कैन सिस्टम को सभी सेवाओं में लागू करने का फैसला लिया है। इससे पहले यह व्यवस्था केवल पार्सल और कुछ चुनिंदा डाक सेवाओं तक सीमित थी।
मोबाइल नंबर के आधार पर होगा डाक वितरण
नई व्यवस्था के तहत डाक विभाग से भेजी जाने वाली चिट्ठियों, पार्सल, रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट पर भेजने वाले और प्राप्त करने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा।
इसके बाद मोबाइल नंबर को डोर स्टेप आर्टिकल स्कैन सिस्टम में भी अपलोड किया जाएगा। जब डाक संबंधित व्यक्ति के पते पर पहुंचेगी तो उसके मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा।
डाक प्राप्त करने वाले व्यक्ति को यह OTP डाक सेवक को बताना होगा। इसके बाद डाक सेवक सिस्टम में OTP दर्ज कर डिलीवरी प्रक्रिया पूरी करेगा।
डिलीवरी नहीं होने पर विभाग करेगा संपर्क
यदि किसी कारण से डाक वितरित नहीं हो पाती है तो डाक विभाग संबंधित व्यक्ति से फोन के माध्यम से संपर्क करेगा। इससे डाक के लंबित रहने और गलत तरीके से रखे जाने की घटनाओं पर रोक लग सकेगी।
लापरवाही के मामलों के बाद लिया फैसला
डाक विभाग ने यह कदम डाक वितरण में सामने आए लापरवाही के मामलों के बाद उठाया है। चौंतड़ा डाकघर के गोलवां और जलपेहड़ क्षेत्र के डाक सेवकों सहित अन्य स्थानों से डाक समय पर नहीं पहुंचाने और अपने पास रखने की शिकायतें सामने आई थीं।
इसके बाद विभाग ने OTP आधारित व्यवस्था को पूरी तरह लागू करने का निर्णय लिया है। साथ ही डाक वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए औचक निरीक्षण और फोन से सत्यापन की प्रक्रिया भी जारी रहेगी।
समय पर और सुरक्षित डिलीवरी का लक्ष्य
डाक विभाग का कहना है कि नई प्रणाली लागू होने से चिट्ठियों और अन्य डाक सेवाओं की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित होगी। इससे लोगों को अपनी डाक मिलने में देरी और असुविधा से राहत मिलेगी।
डाक विभाग के वरिष्ठ डाक अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि अब OTP आधारित वितरण प्रणाली को रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट समेत सभी डाक सेवाओं में लागू किया जा रहा है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube