कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिला लाहौल-स्पीति के गोंधला गाँव का रहने वाला 26 वर्षीय आईटीबीपी (ITBP) जवान योगेश पिछले 11 दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता है। 24 फरवरी को कुल्लू के सरवरी बस स्टैंड से गायब हुए जवान का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिसके चलते परिजनों और ग्रामीणों का सब्र अब जवाब दे रहा है।
क्या है पूरा मामला?
लापता जवान के पिता प्रेमलाल ने बताया कि 24 फरवरी को वह अपने बेटे योगेश के साथ हरिद्वार जाने के लिए सरवरी बस स्टैंड पहुँचे थे। उन्हें रात 10:30 बजे की बस लेनी थी। शाम के समय योगेश फोन पर बात करते-करते बस स्टैंड से थोड़ा दूर गया और उसके बाद वापस नहीं लौटा। कुछ देर बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया।
पिता के अनुसार, "हमें लगा कि शायद वह किसी दोस्त से मिलने गया होगा, लेकिन जब वह पूरी रात नहीं आया, तो हमने अगले दिन पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। आज 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मेरे बेटे का कोई पता नहीं चला है।"
SP कुल्लू से मिले परिजन और ग्रामीण
जवान की तलाश में कोई प्रगति न होते देख परिजनों और ग्रामीणों ने एसपी कुल्लू मदनलाल कौशल से मुलाकात की। परिजनों ने पुलिस को कुछ अहम सुराग और पहलुओं की जानकारी दी है, जिन पर गहनता से छानबीन करने की मांग उठाई गई है।
एलपीएस के पूर्व अध्यक्ष सुदर्शन जसपा ने बताया कि एक सेना के जवान का इस तरह अचानक गायब होना कई सवाल खड़े करता है। परिजनों ने कुछ विशेष पहलुओं पर संदेह व्यक्त किया है, जिसकी जांच होना अनिवार्य है।
पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कुल्लू मदनलाल कौशल ने परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा लापता युवक के परिजनों ने शिकायत सौंपी है। पुलिस की टीमें सभी संभावित पहलुओं, कॉल रिकॉर्ड्स और सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रही हैं। जल्द ही योगेश को तलाश कर लिया जाएगा।