हमीरपुर:
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को सुजानपुर शहर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। वार्ड नंबर-3 स्थित रविदास मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिरकत कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस धार्मिक आयोजन से पूर्व मंदिर परिसर में पूरी विधि-विधान के साथ झंडा रस्म अदा की गई, जिसमें भारी संख्या में साध-संगत उपस्थित रही।
रविवार सुबह से ही रविदास मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। प्रातः काल मंदिर परिसर के बाहर पारंपरिक झंडा रस्म अदा की गई, जो गुरु के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। इसके बाद मंदिर के भीतर गुरुवाणी का पाठ और कीर्तन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
विशाल भंडारे की शुरुआत से पहले सुबह 8:00 बजे से लेकर 11:00 बजे तक सेवा का दौर चला। इस दौरान मंदिर पहुंचने वाली साध-संगत को चाय, पकोड़े और ब्रेड पकोड़े का प्रसाद वितरित किया गया। इसके उपरांत दोपहर को मुख्य भंडारा शुरू हुआ, जिसमें सैकड़ों लोगों ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। सेवादारों ने बड़ी श्रद्धा के साथ भक्तों की सेवा की।
जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को ही सुजानपुर शहर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई थी। ढोल-नगाड़ों और गुरु के जयघोष के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया था। शनिवार की शोभायात्रा के बाद रविवार को हुए इस विशाल भंडारे के साथ जयंती समारोह का हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ।