कुल्लू
जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली घूमने आए एक युवक की होटल के कमरे में मौत हो गई। वहीं मृतक के साथ आए दोस्तों ने इस बारे होटल कर्मचारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही मनाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं मृतक युवक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का पोता तथा बाबू सोरेन का बेटा था। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मनाली पहुंच गए और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
मनाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल मनाली से थाना में सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। उक्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मृतक युवक वीर सोरेन के शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस टीम के निरीक्षण के दौरान शव पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए।
मृतक के साथ आए उसके मित्र अग्नय वर्मा निवासी उत्तर प्रदेश ने बताया कि वो 22 फरवरी को मनाली घूमने आया था तथा वे सभी हिमालयन सैलेट होम स्टे, सिमसा मनाली में ठहरे हुए थे।
23 फरवरी को वे सभी सोलंग/सेथन क्षेत्र घूमने गए थे तथा शाम को पुनः होम स्टे में ठहरे।
23 फरवरी में वे सभी होम स्टे के आसपास घूमकर लगभग 12:30 बजे वापस लौटे तो वीर सोरेन सोया हुआ था। उठाने पर उसने बताया कि उसके सिर में अत्यधिक दर्द हो रहा है। जिस पर साथियों ने Blinkit के माध्यम से दवाई मंगवाकर उसे दी।
जिसके बाद वह पुनः सो गया। वही, दोपहर 2 बजे के करीब कमरे से गिरने की आवाज आई। जब उन्होंने जाकर देखा तो वीर सोरेन बैड से नीचे गिरा हुआ था।उसके बाद वीर सोरेन को गाड़ी में सिविल अस्पताल मनाली लाया गया।
अस्पताल लाते समय उसके मुंह से झाग निकलना शुरू हो गया था। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा काफी देर तक CPR दी गई, लेकिन जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया गया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस के द्वारा इस मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।